नैनीताल: नैनीताल जनपद में 16 नवंबर से चल रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह अभियान के तहत पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपदभर में लगातार सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान की गई कार्रवाई में अब तक कुल 251 वाहनों के चालान किए गए हैं, 10 वाहनों को सीज किया गया है और 7 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही नियमों के उल्लंघन पर ₹33,000 का संयोजन शुल्क भी वसूला गया है।
पुलिस की ओर से स्कूली वाहनों और यात्री बसों की नियमित तथा सघन जांच पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सफर के लिए सहयोग करने की अपील की है।