Nainital News Today
⌕ Search
उत्तराखंड

उत्तराखंड चुनाव 2027 से पहले चढ़ा सियासी पारा: चौबट्टाखाल में कांग्रेस को बड़ा झटका, 38 से अधिक नेता व कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

· 1 min read · 👁 6 views · NainitalNews.com
uttarakhand-election-2027-congress-setback

देहरादून/पौड़ी: आगामी फरवरी 2027 में प्रस्तावित उत्तराखंड विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही प्रदेश में राजनीतिक हलचल और दलबदल का दौर तेज हो गया है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जहां संगठनात्मक बैठकों के जरिए चुनावी रोडमैप तैयार करने में जुटी है, वहीं दूसरी ओर अन्य दलों में सेंधमारी कर अपना कुनबा भी बढ़ा रही है। ताजा सियासी घटनाक्रम में पौड़ी गढ़वाल जिले की चौबट्टाखाल विधानसभा सीट पर कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, जहां क्षेत्र के 38 से अधिक स्थानीय नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया है। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और चौबट्टाखाल के विधायक व कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की मौजूदगी में इन सभी नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। महेंद्र भट्ट ने सभी नवागंतुकों को पार्टी का पटका पहनाकर संगठन में स्वागत किया। कौन-कौन से प्रमुख चेहरे हुए शामिल?भाजपा की सदस्यता लेने वालों में द्वारीखाल, सतपुली, बीरोंखाल, एकेश्वर और पोखड़ा क्षेत्रों के कई सक्रिय चेहरे शामिल हैं: पंचायत व युवा नेता: क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC) रितिक नेगी (युवा कांग्रेस बीरोंखाल महामंत्री) और कुलदीप सजवाण (पूर्व युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष)। छात्र व संगठन पदाधिकारी: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेदीखाल के छात्रसंघ अध्यक्ष एवं युवा कांग्रेस सचिव शुभम रावत, कांग्रेस बूथ अध्यक्ष प्रदीप कुमार, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता आशीष कुमार और यतीष कुमार। अन्य वर्ग: इनके अलावा क्षेत्र के कई पूर्व सैनिक, सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग भी भाजपा में शामिल हुए। विकास कार्यों का दिया हवालाइस मौके पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में बीते वर्षों में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने सतपुली झील के निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है, साथ ही जल्द ही सीसी झील का निर्माण कार्य भी शुरू किया जाएगा। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि यह सदस्यता अभियान प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर बूथ स्तर तक जारी रहेगा। चुनाव से ठीक पहले हुए इस बड़े फेरबदल को चौबट्टाखाल क्षेत्र में कांग्रेस के स्थानीय संगठन के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।