NAINITALNEWS.COM सच • सटीक • सबसे पहले
उत्तराखंड

Kedarnath Yatra के समापन के साथ 2026 Record, 19.22 लाख Devotee ने किए बाबा के Darshan, धाम में Snow से बढ़ी ठंड

· 1 min read · 👁 6 views · NainitalNews.com
kedarnath-yatra-ke-smapn-ke

रुद्रप्रयाग/केदारनाथ: विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट भैया दूज के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का भी औपचारिक समापन हो गया है। 205 दिनों तक चली इस यात्रा में इस साल श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और रिकॉर्ड 19 लाख 22 हजार 138 तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए, जो पिछले वर्ष के मुकाबले करीब डेढ़ लाख अधिक है।

बर्फबारी से बढ़ी कड़ाके की ठंड, ओंकारेश्वर मंदिर में विराजेंगे बाबा
धाम और आसपास की ऊंची चोटियों पर हो रही ताजा बर्फबारी के चलते केदारपुरी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और तापमान शून्य से नीचे चला गया है। कपाट बंद होने के बाद सेना के बैंड की मधुर धुनों और ‘जय बाबा केदार’ के जयकारों के बीच भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर (ऊखीमठ) के लिए रवाना हुई। विभिन्न पड़ावों से होते हुए डोली ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान हो गई है, जहां अगले छह महीने तक श्रद्धालु शीतकालीन पूजा-अर्चना और बाबा के दर्शन कर सकेंगे।

स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिला 250 करोड़ से अधिक का बूस्ट
इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से यात्रा मार्ग से जुड़े स्थानीय व्यापारियों, होटल संचालकों और परिवहन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। आंकड़ों के अनुसार, यात्रा सीजन के दौरान घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी, हेली और शटल सेवाओं के माध्यम से ही 250 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। मानसून के दौरान खराब मौसम और आपदा की चुनौतियों के बावजूद प्रशासन और श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के बेहतर प्रबंधन से यह यात्रा पूरी तरह सफल और सुगम रही।