Nainital News Today
⌕ Search
उत्तराखंड

उत्तराखंड में वोटर लिस्ट की होगी छंटनी, डुप्लीकेट नामों पर निर्वाचन विभाग की नजर!

· 1 min read · 👁 6 views · NainitalNews.com
toolkit-530

देहरादून: 2027 के आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनावों से पहले राज्य निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के लिए बड़े पैमाने पर छंटनी अभियान शुरू कर दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ. बी. वी. आर. सी. पुरुषोत्तम ने देहरादून में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर इस पूरी प्रक्रिया की रूपरेखा साझा की।

डुप्लीकेट नामों पर सॉफ्टवेयर और बीएलओ की दोहरी नजर
मतदाता सूची से फर्जी और दोहरे नामों को हटाने के लिए निर्वाचन आयोग DSE (Demographic Similar Entries) सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर रहा है। यह सॉफ्टवेयर उन मतदाताओं की पहचान करेगा जिनके नाम एक से अधिक स्थानों या विधानसभा क्षेत्रों में दर्ज हैं। सॉफ्टवेयर द्वारा नाम चिह्नित किए जाने के बाद बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करेंगे और फॉर्म-7 के माध्यम से अतिरिक्त प्रविष्टियों को सूची से हटाएंगे।

डॉ. पुरुषोत्तम ने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 और 18 के तहत एक से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में या एक ही क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत होना गैरकानूनी है।

Scroll to Top