NAINITALNEWS.COM सच • सटीक • सबसे पहले
कालाढूंगी

कालाढूंगी में Nari Shakti Sammaan समारोह में Shamil हुए सीएम धामी, Mini Stadium Nirmaan व Hospital उच्चीकरण समेत कीं छह बड़ी घोषणाएं

· 1 min read · 👁 5 views · NainitalNews.com
kaladhungi-men-nari-shakti-sammaan

कालाढूंगी (नैनीताल): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, कालाढूंगी में आयोजित ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली माताओं और बहनों को सम्मानित किया तथा कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए छह महत्वपूर्ण परियोजनाओं की घोषणा की।

सीएम धामी की छह प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने मंच से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए निम्नलिखित छह घोषणाएं कीं:

मिनी स्टेडियम का निर्माण: युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कालाढूंगी में एक मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा।

अस्पताल का उच्चीकरण: क्षेत्रवासियों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।

महिलाओं के लिए 70 अतिरिक्त जिप्सियां: पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा।

मार्ग चौड़ीकरण: कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।

सड़क नवनिर्माण: ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में नई सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

200 विद्युत पोलों की स्थापना: क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न स्थानों पर 200 नए विद्युत पोल लगाए जाएंगे।

‘पहाड़ की मातृशक्ति का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा’
समारोह को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने अपने बचपन के संघर्षों और अपनी माता के परिश्रम को याद करते हुए कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा और मजबूत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’, ‘लखपति दीदी योजना’ और ‘एकल महिला स्वरोजगार योजना’ के माध्यम से प्रदेश की महिलाएं आज आत्मनिर्भर बनकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दे रही हैं।

दिग्गज नेता और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, महापौर गजराज बिष्ट सहित जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. व अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।