हल्द्वानी: नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र मंगल पड़ाव स्थित 122 पुरानी दुकानों को ध्वस्त कर लगभग ₹90 करोड़ की लागत से नया आधुनिक कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना का स्थानीय व्यापारियों ने कड़ा विरोध शुरू कर दिया है। सोमवार को मेयर गजराज बिष्ट और नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने व्यापारियों के साथ बैठक कर इस प्रस्तावित कार्ययोजना को सामने रखा, जिसे दुकानदारों ने सिरे से अव्यवहारिक करार दिया है। बैठक के दौरान नगर निगम प्रशासन ने प्रस्ताव दिया कि नया कॉम्प्लेक्स बनने तक प्रभावित दुकानदारों को…
हल्द्वानी: नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र मंगल पड़ाव स्थित 122 पुरानी दुकानों को ध्वस्त कर लगभग ₹90 करोड़ की लागत से नया आधुनिक कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना का स्थानीय व्यापारियों ने कड़ा विरोध शुरू कर दिया है। सोमवार को मेयर गजराज बिष्ट और नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने व्यापारियों के साथ बैठक कर इस प्रस्तावित कार्ययोजना को सामने रखा, जिसे दुकानदारों ने सिरे से अव्यवहारिक करार दिया है। बैठक के दौरान नगर निगम प्रशासन ने प्रस्ताव दिया कि नया कॉम्प्लेक्स बनने तक प्रभावित दुकानदारों को अस्थाई रूप से शनिबाजार में शिफ्ट किया जाएगा। इस पर व्यापारियों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि वे दशकों से मंगल पड़ाव में कारोबार कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। निर्माण कार्य के नाम पर यदि उन्हें कई वर्षों के लिए दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया, तो उनकी पुरानी ग्राहक श्रृंखला टूट जाएगी और जमा-जमाया व्यापार पूरी तरह चौपट हो जाएगा, जिसकी भरपाई में सालों लग जाएंगे। व्यापारियों ने शहर में पूर्व में बने व्यावसायिक कॉम्प्लेक्सों—जैसे सरस मार्केट और दुर्गा सिटी सेंटर—का उदाहरण देते हुए कहा कि अनियोजित निर्माण और पार्किंग के अभाव के कारण ये कॉम्प्लेक्स सफल नहीं हो पाए हैं। ऐसे में मंगल पड़ाव में एक और कॉम्प्लेक्स बनाना व्यावहारिक नहीं है। महानगर व्यापार मंडल और स्थानीय दुकानदारों ने मांग की है कि बिना व्यापारियों की सहमति के कोई भी प्रस्ताव लागू न किया जाए। उन्होंने किराएदार व्यापारियों को विश्वास में लेने, दुकानों पर 55 प्रतिशत मालिकाना हक देने तथा सभी आशंकाओं के ठोस समाधान के लिए व्यापारियों और निगम अधिकारियों की एक संयुक्त कमेटी गठित करने की मांग रखी है। बैठक में योगेश शर्मा, मनोज जायसवाल, विनोद अग्रवाल, चीनू बिंद्रा, मनोज गुप्ता, राजीव अहूजा और शहनवाज सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।