नैनीताल की हर खबर
⌕ Search
नैनीताल

नैना पीक की ट्रैकिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव: तीनों रास्तों पर टिकट अनिवार्य, दोपहर 3:30 बजे के बाद प्रवेश पर रहेगी रोक

· 1 min read · 👁 2 views · NainitalNews.com
naina-peak-nainital-new-trekking-rules-ticket-mandatory-entry-closed-after-3-30-pm

नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल की सबसे ऊंची चोटी नैना पीक (चीना पीक) पर ट्रैकिंग करने जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। हाल ही में ट्रैकिंग के दौरान एक बीटेक छात्र के लापता होने की घटना से सबक लेते हुए विभाग अब यहां की व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन करने जा रहा है। आगामी दिसंबर महीने से लागू होने वाली नई व्यवस्था के तहत नैना पीक जाने वाले तीनों रास्तों पर टिकट काउंटर स्थापित किए जाएंगे और दोपहर 3:30 बजे के बाद किसी को भी चोटी की ओर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी।

तीनों प्रवेश मार्गों पर बनेगा हर पर्यटक का रिकॉर्ड
वन विभाग के अनुसार, अब बिना टिकट और पंजीकरण के नैना पीक ट्रैक पर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की ने जानकारी दी कि टांकी बैंड के अलावा सत्यनारायण मंदिर के पास गेट तैयार कर लिया गया है और कैमल्स बैक की तरफ भी टिकट काउंटर बनाया जाएगा। इन तीनों मार्गों पर टिकट लेने के साथ ही प्रत्येक पर्यटक का नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज किया जाएगा। इससे किसी भी व्यक्ति के रास्ता भटकने या तय समय पर वापस न लौटने की स्थिति में तत्काल उसकी लोकेशन ट्रैक कर रेस्क्यू करने में आसानी होगी।

अंधेरे में होने वाले हादसों को रोकने के लिए समय सीमा तय
वन विभाग के सामने देर शाम और रात के समय ट्रैकिंग करने वालों की सुरक्षा हमेशा एक बड़ी चुनौती रही है। घने जंगल के बीच शाम ढलते ही अंधेरा होने से रास्ता भटकने और फिसलकर चोटिल होने का खतरा बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रैकिंग के लिए प्रवेश की अंतिम समय सीमा दोपहर/शाम 3:30 बजे तय की गई है, ताकि सभी सैलानी अंधेरा होने से पहले सुरक्षित नीचे लौट सकें।

सात महीनों में पहुंचे करीब 35 हजार पर्यटक
वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष अप्रैल से अक्टूबर के बीच 58 विदेशी सैलानियों सहित कुल 34,828 लोगों ने नैना पीक की ट्रैकिंग की है। पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए विभाग का मानना है कि प्रवेश मार्गों पर सख्त निगरानी, अनिवार्य टिकट व्यवस्था और समय की पाबंदी से नैना पीक पर ट्रैकिंग पहले से कहीं अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेगी।