Nainital News Today
⌕ Search
नैनीताल

कुमाऊं विश्वविद्यालय में डिग्री प्रिंटिंग का रास्ता साफ, दोबारा टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से 300 से अधिक छात्रों को मिली राहत

· 1 min read · 👁 2 views · NainitalNews.com
kumaun-university-nainital-degree-printing

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय (Kumaun University) से उत्तीर्ण हो चुके सैकड़ों छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पिछले लगभग छह महीनों से ठप पड़ी डिग्री प्रिंटिंग की समस्या का समाधान करते हुए दोबारा टेंडर (री-टेंडर) की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस कदम के बाद अब लंबित चल रही 300 से अधिक डिग्रियों की छपाई और वितरण का कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है।

तकनीकी अड़चनों के कारण रुका था प्रिंटिंग कार्य : विश्वविद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मार्कशीट, डिग्री-डिप्लोमा प्रमाण पत्र, टेबुलेशन रजिस्टर और वेरिफिकेशन फॉर्म की छपाई व आपूर्ति के लिए पूर्व में जारी की गई निविदाएं तकनीकी कारणों से निरस्त हो गई थीं। अनुबंध प्रक्रिया पूरी न हो पाने की वजह से बीते छह महीनों से डिग्रियों की प्रिंटिंग रुकी हुई थी।

छात्रों को हो रही थी परेशानी : उच्च शिक्षा और रोजगार में बाधा: समय पर मूल डिग्री (Original Degree) न मिल पाने के कारण पासआउट छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेने, सरकारी व निजी नौकरियों में दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) कराने और विदेश जाने की प्रक्रियाओं में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।