नैनीताल। सरोवर नगरी के बीडी पांडे जिला अस्पताल में फोरेंसिक विशेषज्ञ चिकित्सक का पद लंबे समय से रिक्त होने का खामियाजा अब मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। अस्पताल में फोरेंसिक डॉक्टर की नियुक्ति नहीं होने के कारण हृदय रोग, बाल रोग और हड्डी रोग समेत अन्य विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों को पोस्टमार्टम की जिम्मेदारी निभानी पड़ रही है। इसका असर अस्पताल की नियमित स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है और ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हर महीने करीब 11 डॉक्टरों की लग रही पोस्टमार्टम ड्यूटी
जानकारी के अनुसार, बीडी पांडे अस्पताल में प्रतिमाह करीब 11 चिकित्सकों की पोस्टमार्टम ड्यूटी लगाई जाती है। इसमें विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर भी शामिल होते हैं। एक चिकित्सक को महीने में तीन से चार बार तक पोस्टमार्टम ड्यूटी करनी पड़ रही है। इस कारण संबंधित चिकित्सकों के नियमित विभागीय कार्य प्रभावित होते हैं। पोस्टमार्टम की जिम्मेदारी निभाने के दौरान डॉक्टर ओपीडी में उपलब्ध नहीं हो पाते, जिससे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को इंतजार करना पड़ता है। कई बार दूरदराज के क्षेत्रों से आए मरीजों को बिना उपचार कराए ही वापस लौटना पड़ता है।
शासन से की गई फोरेंसिक विशेषज्ञ की नियुक्ति की मांग
अस्पताल की पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल के अनुसार, फोरेंसिक विशेषज्ञ चिकित्सक का पद कई वर्षों से खाली है। इस वजह से अन्य विशेषज्ञ और सामान्य चिकित्सकों की पोस्टमार्टम ड्यूटी लगानी पड़ रही है। शासन से फोरेंसिक डॉक्टर की नियुक्ति की मांग की गई है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती होने से दूसरे विभागों के डॉक्टरों को पोस्टमार्टम ड्यूटी से राहत मिलेगी और ओपीडी सहित नियमित स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा। अब मरीजों और अस्पताल प्रबंधन को शासन की ओर से नियुक्ति किए जाने का इंतजार है।