हल्द्वानी/नैनीताल: हल्द्वानी समेत पूरे नैनीताल जनपद में संचालित निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और इलाज के नाम पर की जा रही कथित मनमानी के खिलाफ अब आम जनता और सामाजिक संगठनों का गुस्सा फूटने लगा है। मरीजों से इलाज, जांच और दवाइयों के नाम पर मनमाना शुल्क वसूलने के आरोपों को लेकर क्षेत्र में भारी नाराजगी का माहौल है।
स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों का कहना है कि निजी अस्पतालों में उपचार के नाम पर पारदर्शिता का अभाव है। आरोप है कि कई अस्पतालों में अनावश्यक जांचों और महंगी दवाइयों का बोझ डालकर मरीजों के परिजनों से मोटी रकम वसूली जा रही है, जिससे मध्यम और निम्न वर्ग के परिवारों की कमर टूट रही है।
लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए मांग की है कि निजी अस्पतालों में इलाज की दरों की स्पष्ट सूची सार्वजनिक कराई जाए और नियमित रूप से औचक निरीक्षण किया जाए। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निजी अस्पतालों की मनमानी और अधिक वसूली पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।