Nainital News Today
⌕ Search
कालाढूंगी

वन्यजीवों के आतंक से भड़के ग्रामीण, हल्द्वानी में वन संरक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन; कालाढूंगी के नलनी में गुलदार ने बकरियों को बनाया निवाला

· 1 min read · 👁 9 views · NainitalNews.com
Haldwani-Villagers-Protest-Against-Wild-Animal-Terror-Leopard-Attack-Kaladhungi

हल्द्वानी/कालाढूंगी: नैनीताल जनपद के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहे वन्यजीवों के आतंक के खिलाफ अब ग्रामीणों का गुस्सा फूटने लगा है। गुलदार, भालू और जंगली सुअरों की बढ़ती आवाजाही से परेशान ग्रामीणों ने हल्द्वानी स्थित वन संरक्षक (Conservator of Forests) कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और वन विभाग से ठोस सुरक्षा इंतजाम करने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने कहा कि भीमताल, ओखलकांडा और धारी ब्लॉक के ग्रामीण इलाकों में वन्यजीवों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि लोगों का घर से बाहर निकलना और खेती-बाड़ी करना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पिंजरे लगाए जाएं, गश्त बढ़ाई जाए और सोलर फेंसिंग जैसे सुरक्षा उपाय किए जाएं। इसके साथ ही ग्रामीणों ने वन्यजीवों के हमलों में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देने के पुराने वादे को जल्द से जल्द पूरा करने की भी पुरजोर मांग की।

उधर, कालाढूंगी रेंज के अंतर्गत आने वाले नलनी (कलगांव) क्षेत्र में भी गुलदार की दस्तक से दहशत फैल गई है। यहां गुलदार ने आबादी क्षेत्र में घुसकर दो ग्रामीणों की बकरियों को अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी डर का माहौल है और शाम ढलते ही लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।